ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने अपने मंत्रिमंडल में बदलाव किया है, जिसमें शबाना महमूद को गृह सचिव बनाया गया है। यह पहली बार है जब कोई मुस्लिम महिला ब्रिटेन की गृह सचिव बनी है। शबाना, जो पाकिस्तानी मूल की हैं, अब यवेट कूपर की जगह लेंगी जिन्हें विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
शबाना लेबर पार्टी की सांसद हैं और बर्मिंघम लेडीवुड निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं। उनका जन्म 1980 में बर्मिंघम में हुआ था और उनकी परवरिश जुड़वां भाई के साथ हुई। शबाना का परिवार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के मीरपुर से आता है। उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की और वकील बनीं। वह 2010 में ब्रिटिश संसद में पहुंचने वाली पहली मुस्लिम महिलाओं में शामिल थीं। उन्होंने अपना बचपन यूके और सऊदी अरब में बिताया।
शबाना लेबर पार्टी की नेशनल कैंपेन कोऑर्डिनेटर भी रह चुकी हैं और 2021 के चुनाव में पार्टी की जीत में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब, वह ब्रिटेन में पुलिस, सुरक्षा और आव्रजन से जुड़े मुद्दों को देखेंगी।
शबाना महमूद आव्रजन पर अपनी सख्त नीतियों के लिए जानी जाती हैं और शरणार्थियों और निर्वासन जैसे मुद्दों पर काम करेंगी। वह जेल सुधार, मानवाधिकार और न्यायपालिका की स्वतंत्रता का समर्थन करती हैं। उन्हें शरणार्थी मामलों, पुलिस सुधार और बाल शोषण के मामलों से निपटना होगा। उन्होंने फिलिस्तीन एक्शन जैसे प्रतिबंधित संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है, हालांकि वह पहले फिलिस्तीनी समर्थक प्रदर्शनों में भी शामिल रही हैं।