पंजाब में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करके 15 लोगों को इंग्लैंड भेजा गया। एक व्यक्ति जब अपनी पत्नी के साथ इंग्लैंड जाने के लिए वीज़ा बनवाने पहुंचा तो उसे पता चला कि उसकी पत्नी के 15 पति हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला इस धोखे से अनजान थी।
यह धोखाधड़ी एक इमिग्रेशन कंपनी चलाने वाले दंपति ने की थी। उन्होंने पीड़ित व्यक्ति और उसकी पत्नी के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया और 15 युवकों को महिला का पति बनाकर इंग्लैंड भेज दिया। इस मामले में इंग्लैंड में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका इस घटना से कोई संबंध नहीं था। महिला का असली पति पंजाब के राजपुरा में रहता है।
भिंदर सिंह नाम के एक व्यक्ति को अपने बेटे के साथ इंग्लैंड जाना था। उसकी पत्नी ने स्पॉन्सरशिप भेजी थी। इमिग्रेशन कंपनी चलाने वाले प्रशांत और रूबी ने भिंदर से 5.90 लाख रुपये लिए, लेकिन बाद में वीज़ा दिलाने से इनकार कर दिया। बाद में भिंदर को पता चला कि उसकी पत्नी को इंग्लैंड में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।