एशिया कप 2025 में साहिबजादा फरहान अपने गन-सेलिब्रेशन को लेकर विवादों में रहे थे। उन्होंने सुपर-4 मैच में अर्धशतक बनाने के बाद बंदूक चलाने का इशारा किया था, जिसके बाद भारत ने ICC से शिकायत की थी और उन्हें चेतावनी मिली थी। अब, फरहान एक बार फिर विवादों में हैं, इस बार उनके बल्ले पर लगे एक स्टिकर के कारण।
फरहान के बल्ले पर लगने वाले स्टिकर को बनाने वाली कंपनी ने ‘गनमोड’ नाम का एक नया स्टिकर जारी किया है, जो फरहान के गन सेलिब्रेशन को दर्शाता है। यह वही जश्न था जिसके कारण भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर 4 मैच के दौरान विवाद हुआ था। कंपनी ने फरहान का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह आने वाले मैचों में इस स्टिकर का इस्तेमाल करेंगे। हालांकि, सोशल मीडिया पर आलोचना के बाद कंपनी ने वीडियो हटा दिया। सोशल मीडिया पर फैंस भी फरहान को ट्रोल कर रहे हैं।
फरहान ने सुपर-4 मैच में भारत के खिलाफ 58 रन बनाए थे और अर्धशतक पूरा करने के बाद गन-सेलिब्रेशन किया था। इस जश्न को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद फरहान ने ICC को बताया कि यह उनकी निजी शैली है और इसमें कोई राजनीतिक मंशा नहीं थी। ICC ने उन्हें चेतावनी दी थी।