पश्चिमी सिंहभूम जिले में पारा शिक्षक मुकरु देवगम की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह मामला हंडिया पीने के दौरान हुए विवाद के बाद सामने आया है, जिसमें तीन आरोपियों – सोमा सुन्डी (25), सीनू गौड़ (20), और मंगल कारोवा (20) – को पकड़ा गया है।
घटना 29 नवंबर को टोंटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी बाजार में हुई थी। पुरना चाईबासा के रहने वाले 50 वर्षीय पारा शिक्षक मुकरु देवगम साप्ताहिक हाट में शामिल होने आए थे। इसी दौरान, कथित तौर पर हंडिया पीने को लेकर उनकी आरोपियों से बहस हो गई। कहासुनी के बाद, आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से भाग निकले थे।
घटना के खुलासे के लिए, पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार, जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रायफल मुर्मू ने एक विशेष जाँच दल का गठन किया। आधुनिक तकनीक की मदद से, पुलिस ने 30 नवंबर को ग्राम केंजरा से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपनी पूछताछ में शिक्षक की हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। उनकी निशानदेही पर, पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून लगे पत्थर, लाठी और अपराध के दौरान पहने गए वस्त्र भी बरामद कर लिए हैं।
