पश्चिमी सिंहभूम जिले में पारा शिक्षक मुकरु देवगम की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में सोमा सुन्डी (25), सीनू गौड़ (20), और मंगल कारोवा (20) शामिल हैं।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पुरना चाईबासा निवासी 50 वर्षीय मुकरु देवगम 29 नवंबर को टोंटो थाना अंतर्गत पुरनापानी बाजार टॉड में साप्ताहिक हाट खरीदने आए थे।
बाजार में हंड़िया पीने के दौरान आरोपियों से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने मिलकर मुकरु देवगम पर पत्थर और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर, जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रायफल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया। अत्याधुनिक तकनीक और मुखबिरों की सहायता से पुलिस ने 30 नवंबर को ही ग्राम केंजरा से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने हत्या की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है। उनकी निशानदेही पर, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए खून से सने पत्थर, एक डंडा और वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
