कोडरमा स्थित ग्रिजली विद्यालय के तीसरे कक्षा के 88 मेधावी छात्र-छात्राओं ने एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण पर कोडरमा गौशाला का दौरा किया। यह भ्रमण छात्रों को पशुपालन, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन के बारे में व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। गौशाला के एक प्रमुख सदस्य अमित खेतान ने युवा आगंतुकों का स्वागत करते हुए उन्हें परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों का दौरा कराया।
बच्चों ने गौशाला में होने वाले महत्वपूर्ण कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। उन्होंने देखा कि कैसे जैविक खाद तैयार की जाती है, दूध कैसे निकाला और पैक किया जाता है, और पशुओं के लिए हरा चारा कैसे उगाया जाता है। मशीनों के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई, जिसमें ट्रैक्टर, टोटो और चारा काटने की मशीनें शामिल थीं, जिससे बच्चों की जिज्ञासा शांत हुई।
विद्यार्थियों ने बड़ी उत्सुकता से गौशाला के सचिव अरुण मोदी से बातचीत की। संस्कृति, आरोही, सागर, नैना, सुहानी, तुषार, आयुषी और अन्य छात्रों ने जैविक खाद की बिक्री, मशीनों की कार्यप्रणाली, पशुओं के लिए आवास निर्माण और कर्मचारियों के वेतन जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे। सचिव महोदय ने विस्तार से जवाब देकर बच्चों की शंकाओं का समाधान किया और गौशाला के सामाजिक व आर्थिक योगदान को समझाया।
इस शैक्षिक दौरे के उपलक्ष्य में, विद्यालय के शिक्षकों को स्मृति चिन्ह के रूप में मोमेंटो और जैविक खाद प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से विकास कुमार यादव, रीमा चटर्जी, नीतू कुमारी, प्रियांशु दीप आदि उपस्थित रहे। वहीं, गौशाला की ओर से अनंत चंद्र, सौरव मिश्रा, मनोज चौबे, मंटू, और किशन यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
