रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए निजी अस्पतालों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मरीजों को आधुनिक और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान करने के लिए, सरकार और निजी क्षेत्र मिलकर काम कर रहे हैं। इसी प्रयास के तहत अराम आई हॉस्पिटल का उद्घाटन किया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को इरबा के अब्दुर्रज्जाक अंसारी मेमोरियल अस्पताल में अराम आई हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के खुलने से आंखों की बीमारियों का इलाज नई तकनीक से संभव हो सकेगा। आंखें अनमोल हैं और उनकी देखभाल ज़रूरी है।
अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि अच्छी आंखों का होना जीवन के लिए ज़रूरी है। खिजरी के विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि आँखों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए यह अस्पताल एक अच्छी पहल है। कांके के विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि निजी अस्पतालों के खुलने से सुविधाएं बढ़ती हैं और इसका सीधा फायदा मरीजों को होता है।
अब्दुर्रज्जाक अंसारी मेमोरियल वीवर्स हॉस्पिटल के संस्थापक सईद अहमद अंसारी ने बताया कि यहाँ शंकर नेत्रालय चेन्नई और अरविंद हॉस्पिटल मुंबई के अनुभवी डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस मौके पर, छोटानागपुर रीजनल हैंडलूम वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अनवार अहमद अंसारी ने कहा कि अस्पताल में कम खर्च पर आधुनिक उपकरणों से इलाज किया जाएगा। उन्होंने सभी मेहमानों का स्वागत किया और धन्यवाद दिया।
इस कार्यक्रम में जावेद अंसारी, फिरोज़ अहमद अंसारी, फैयाज अंसारी, डॉ. पी.एन. सिंह, डॉ. मुकेश, डॉ. हिदायत, असगर अंसारी, आबिद अंसारी, वकील जमील अंसारी, नसीम अंसारी सहित कई डॉक्टर और अन्य लोग शामिल थे।