रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में महानगर दुर्गा पूजा समिति, जिला दुर्गा पूजा समिति और श्री महावीर मंडल रांची के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री के समक्ष प्रतिनिधिमंडल ने आगामी दुर्गोत्सव-2025 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके नेतृत्व में, सभी दुर्गा पूजा समितियों को राज्य सरकार और जिला प्रशासन का पूरा समर्थन मिल रहा है। सदस्यों ने मुख्यमंत्री को सूचित किया कि दुर्गा पूजा के दौरान बिजली आपूर्ति, जल आपूर्ति सहित शहर की सफाई नियमित रूप से की जाती रही है। हर साल की तरह, इस साल भी रांची और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 157 छोटे-बड़े पूजा पंडालों में दुर्गोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और सभी पूजा पंडालों की तैयारियां जोरों पर हैं।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस साल भी राज्य सरकार से पूजा समितियों को पहले की तरह सहयोग की बहुत उम्मीदें हैं। पूजा समिति के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को मां दुर्गा की मूर्ति, चुनरी और वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें परिवार सहित पूजा पंडालों में आकर मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को आश्वासन दिया कि सभी दुर्गा पूजा समितियों को इस वर्ष भी राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा, जैसा पहले मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्गोत्सव के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पूजा आयोजन समिति के सदस्य बैठक कर बेहतर समन्वय और तालमेल बनाते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूजा सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को दुर्गा पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रांची को आम जनता की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए एक मॉडल शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार पूरी क्षमता से रांची को सुंदर और स्वच्छ बनाने के सभी पहलुओं पर एक विशेष कार्य योजना के साथ लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार का मानना है कि शहरों के विकास में नए-नए आयाम जुड़ते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार द्वारा जन सुविधाओं के साथ-साथ हर संभव प्रयास किया जाएगा जिससे रांची शहर को एक अलग पहचान मिल सके। शहर के सर्वांगीण विकास में सरकार के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर रांची के उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री, डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा, महानगर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. अजीत सहाय, जिला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विक्की यादव, महावीर मंडल के अध्यक्ष जय सिंह यादव, एचईसी दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक सागर कुमार, अशोक चौधरी, प्रदीप राय बाबू, रवींद्र वर्मा, शंभू सिंह, समीर सिंह और अन्य उपस्थित थे।