झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को रांची में उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया। यह कार्रवाई रांची पुलिस द्वारा की गई। सोरेन नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 के लिए चिह्नित जमीन पर हल चलाने जाने वाले थे, जिसे लेकर विवाद चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोरेन रिम्स-2 की जमीन विवाद के विरोध में ‘हल जोतो, रोपा रोपो’ कार्यक्रम के तहत हल चलाने वाले थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्हें आदिवासी किसानों की आवाज उठाने से रोकने के लिए हाउस अरेस्ट किया गया है।
पुलिस ने नगड़ी और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन का अधिग्रहण तो हुआ था, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के कारण वे इस पर खेती करते रहे हैं। ‘नगड़ी जमीन बचाओ संघर्ष समिति’ इस मामले में विरोध प्रदर्शन कर रही है।