यूपी STF ने प्रयागराज में एक एनकाउंटर में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर आशीष रंजन उर्फ छोटू को मार गिराया। छोटू सिंह के नाम से भी जाना जाने वाला आशीष धनबाद का एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी था, जिस पर झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में हत्या, रंगदारी, लूट और जानलेवा हमलों सहित कई गंभीर मामले दर्ज थे।
आशीष, गैंगस्टर अमन सिंह का करीबी था और उसने अमन सिंह की हत्या की थी। 3 दिसंबर 2023 को धनबाद जेल में अमन सिंह की हत्या कर दी गई, जिसमें आशीष भी शामिल था। हत्या के बाद छोटू सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
वह झारखंड में कोयला कारोबारी नीरज तिवारी की हत्या का भी आरोपी था। इसके अलावा, भूमि कारोबारी सरफुल हसन (लाला खान) और समीर मंडल की हत्याओं में भी उसका नाम शामिल था। आशीष झरिया के रंजीत साहू और सरायढेला के कारोबारी समीर मंडल की हत्या में भी शामिल था। 29 अप्रैल को झरिया में एक टायर शोरूम के पास रंजीत साहू की हत्या कर दी गई थी।
आशीष वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। धनबाद पुलिस ने उसके घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की, जहां से कई आपराधिक मामलों से जुड़े दस्तावेज, सामान और मोबाइल बरामद हुए। उसे अदालत में पेश होने के लिए नोटिस भी जारी किया गया था। STF सूत्रों के मुताबिक, आशीष न केवल अपराधों में शामिल था, बल्कि वह यूपी की कई गैंग को AK-47 जैसे आधुनिक हथियार भी सप्लाई करता था।