झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संरक्षक शिबू सोरेन का सोमवार (4 अगस्त) को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। उनका दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में पिछले डेढ़ महीने से इलाज चल रहा था। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता के निधन की खबर दी।
शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया गया, जहाँ एयरपोर्ट पर हजारों लोगों ने अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी। हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी विमान में मौजूद थीं।
कार्यकर्ताओं और नेताओं ने ‘दिशोम गुरु अमर रहें’ के नारे लगाए। शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। अंतिम संस्कार मंगलवार को रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में दोपहर 12 बजे होगा, जिसमें उनके बेटे बसंत सोरेन मुखाग्नि देंगे।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य कई नेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी। झारखंड सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। शिबू सोरेन पिछले एक महीने से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे।