मालदा जिले के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक अब्दुर रहीम बख्शी के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने भाजपा विधायक पर तेजाब फेंकने की धमकी दी है, साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं का बहिष्कार करने और झंडा फाड़ने की भी बात कही है। इस पर भाजपा नेता अमित मालवीय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मामला मालदा के मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र का है, जहां तृणमूल कांग्रेस ने एक विरोध सभा का आयोजन किया था। इस सभा में अन्य राज्यों में बंगालियों के खिलाफ कथित हमलों और बंगाली भाषा के अपमान का मुद्दा उठाया गया था।
अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा करते हुए लिखा कि अब्दुर रहीम बख्शी ने खुलेआम भाजपा विधायक को तेजाब से मारने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि यह वही व्यक्ति है जिसने पहले भी हिंसा की धमकी दी थी। मालवीय ने टीएमसी पर हिंसा की राजनीति करने का आरोप लगाया और पूछा कि क्या यह लोकतंत्र है या आतंक?
रहीम बख्शी ने मंच से सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष का नाम लिए बिना कहा कि जो भी भाजपा विधायक बंगाल के प्रवासी श्रमिकों को बांग्लादेशी रोहिंग्या कहेगा, उसके मुंह में तेजाब डाला जाएगा।
उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में बंगालियों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार का भी जिक्र किया और भाजपा का बहिष्कार करने की अपील की।
इस बीच, उत्तर मालदा के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले दर्ज करने के आरोप में चंचल पुलिस स्टेशन में धरना दिया। उन्होंने इस घटना को अलोकतांत्रिक बताया और भाजपा सांसद को पीटने की धमकी दी। हालांकि, अब्दुर रहीम बख्शी ने अपने बयान का बचाव किया।