महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा बिहार में जारी है, जिसका आज 12वां दिन था। इस दौरान राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव ने सीतामढ़ी के जानकी मंदिर में पूजा अर्चना की। राहुल गांधी ने पहले मंदिर जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से अनुमति मिलने में देरी हुई। बाद में रूट को फाइनल करने के बाद उन्हें अनुमति दी गई।
प्रशासन ने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था, जिसके बाद राहुल और तेजस्वी का मंदिर दर्शन का कार्यक्रम तय हुआ। प्रियंका गांधी भी जानकी मंदिर में दर्शन करना चाहती थीं, लेकिन रूट तय न हो पाने के कारण दिल्ली लौट गईं। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने आज सुबह मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
कांग्रेस के बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावेरु ने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों और उनके भगवानों का सम्मान करती है। बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि वे लोक कल्याण के लिए प्रार्थना करने आए हैं, और देश और बिहार की प्रगति की कामना करते हैं।
वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। इस यात्रा में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, भाकपा (माले) के दीपंकर भट्टाचार्य, वीआईपी के मुकेश सहनी और महागठबंधन के अन्य नेता शामिल हैं। बुधवार को राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी पहुंची।