रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज फिर मौसम बदलने की संभावना है, कई इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। 1 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
पिछले 24 घंटों में दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश हुई, कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, दक्षिण तटीय ओडिशा के ऊपर एक अवदाब क्षेत्र बना हुआ है, जो पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। यह छत्तीसगढ़ की ओर आएगा और धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। इसके अलावा, एक द्रोणिका दक्षिण ओडिशा से गोवा तक फैली हुई है। 30 सितंबर को उत्तर अंडमान सागर में एक चक्रवाती परिसंचरण बनने की संभावना है, जिससे 1 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने बालोद, राजनांदगांव, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में मध्यम बारिश, मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है, यहाँ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। तापमान 24 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।