कई राज्यों में मानसून के कारण भारी बारिश हो रही है। इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून दिल्ली से विदा हो गया है। 24 सितंबर 2025 को दिल्ली से मानसून की विदाई हुई। आज दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में उमस हो सकती है। कल भी दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। 27 तारीख को आंशिक बादल छाए रहेंगे और 30 तारीख तक बादल छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में, मानसून फिर से वापसी कर रहा है। आज पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी यूपी में मौसम सूखा रहेगा। 26 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 27, 28 और 29 तारीख को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
कोलकाता में ढाई घंटे में 185 मिमी बारिश हुई, जिससे सड़कें पानी से भर गईं। अगले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, दक्षिण मध्य प्रदेश, दक्षिण गुजरात, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और उत्तराखंड में हल्की बारिश हो सकती है।