नई दिल्ली। नवरात्रि का पर्व साल में चार बार मनाया जाता है, जिसमें दो बार प्रत्यक्ष और दो बार गुप्त नवरात्रि आती हैं। शारदीय और चैत्र नवरात्रि प्रमुख हैं। इस बार आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर पड़ने वाली शारदीय नवरात्रि का विशेष महत्व है। इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस बार शारदीय नवरात्रि की शुरुआत सोमवार को हो रही है, और मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर भक्तों के बीच आएंगी। हाथी पर सवार होकर आना शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि नवरात्रि में मां दुर्गा पृथ्वी लोक में अपने भक्तों को आशीर्वाद देने आती हैं। आइए जानते हैं इस साल नवरात्रि कब से शुरू हो रही है।
विदाई कब होगी?
इस वर्ष, 2 अक्टूबर 2025 को गुरुवार को विजयादशमी के दिन शारदीय नवरात्रि का समापन होगा। इस दिन मां दुर्गा की विदाई पालकी पर होगी, जो सुख और समृद्धि का प्रतीक है।
तिथि और शुभ मुहूर्त
आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 22 सितंबर को रात 01:23 बजे शुरू होगी और 23 सितंबर को रात 02:55 बजे समाप्त होगी। इसलिए, 22 सितंबर से शारदीय नवरात्रि शुरू होगी और घटस्थापना भी इसी दिन की जाएगी।
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त
घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 06:08 बजे से सुबह 08:06 बजे तक रहेगा। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:49 बजे से दोपहर 12:38 बजे तक रहेगा।
नवमी कब है?
30 सितंबर को शाम 6:06 बजे नवमी तिथि शुरू होगी, जो अगले दिन 01 अक्टूबर को रात 7:01 बजे समाप्त होगी। इस प्रकार, 01 अक्टूबर को महानवमी मनाई जाएगी और इसी दिन कन्या पूजन किया जाएगा।