रायपुर। शिक्षक संघों की मांगों के बाद, छत्तीसगढ़ में स्कूलों के समय में बदलाव होने की संभावना है, जिससे शनिवार को स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से संचालित होंगे। स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इस बदलाव के लिए शिक्षा सचिव को प्रस्ताव भेजा है, जिसे सोमवार को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
इस शैक्षणिक वर्ष में, शिक्षा विभाग ने शनिवार को स्कूलों के समय में बदलाव किया था, पहले यह समय सुबह 7:30 बजे था, जिसे बाद में बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया था। यह बदलाव ‘बैगलेस डे’ के कारण किया गया था, जिसमें योग, व्यायाम और अन्य गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। सुबह 10 बजे स्कूल खुलने से बच्चों और शिक्षकों को कई तरह की व्यावहारिक कठिनाइयाँ हो रही थीं।
शिक्षा मंत्री ने शिक्षक संगठनों को आश्वासन दिया था कि शनिवार को स्कूल का समय पहले जैसा ही रखा जाएगा। इसके बाद, लोक शिक्षण संचालनालय ने एक पाली वाले स्कूलों के लिए समय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक, और दो पाली वाले स्कूलों में हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों के लिए सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक, और प्राथमिक और मध्य स्कूलों के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक रखने का प्रस्ताव दिया है। संभावना है कि सोमवार को इस प्रस्ताव पर निर्णय लिया जाएगा और राज्य सरकार द्वारा नया आदेश जारी किया जाएगा।