रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में लुत्ती बांध के टूटने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों की निष्क्रियता पर चिंता जताई, जिसके कारण बांध टूटने की घटना हुई। उन्होंने सभी अधिकारियों को बांधों और अन्य संरचनाओं का नियमित निरीक्षण करने का आदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक में सिंचाई परियोजनाओं के रखरखाव, मरम्मत और बांध सुरक्षा अधिनियम के पालन पर जोर दिया। बैठक में अधिकारियों को लक्षित और वास्तविक सिंचाई क्षमता के अंतर को कम करने के लिए योजना बनाने और बस्तर व सरगुजा संभाग की अधूरी योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। विभाग ने बताया कि वर्तमान में 661 कार्य प्रगति पर हैं, जिनमें लगभग ₹8966 करोड़ खर्च होंगे।