रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान यात्रा के दौरान टोक्यो में जापान एक्सटर्नल ट्रेड आर्गनाइजेशन (जेईटीआरओ) के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और निवेश तथा औद्योगिक साझेदारी के अवसरों पर गहन विचार-विमर्श किया।
बैठक में छत्तीसगढ़ में आईटी, वस्त्र, एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में मौजूद विशाल संभावनाओं पर प्रकाश डाला गया। मुख्यमंत्री ने जेट्रो के प्रतिनिधियों को राज्य की प्रगतिशील अर्थव्यवस्था में निवेश के नए अवसर तलाशने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़, भारत के हृदय स्थल में स्थित एक उभरता हुआ औद्योगिक और निवेश गंतव्य है, जो पारदर्शी नीतियों, आसान प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक ढांचे के माध्यम से वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।
जेट्रो प्रतिनिधियों के साथ इस संवाद से छत्तीसगढ़ और जापान के बीच आर्थिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर आयोजित ‘Deep Space – To the Moon & Beyond’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचारों की यह प्रदर्शनी, भविष्य में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से बन रहे स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि जापान यात्रा से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिणाम हासिल होंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य प्रदेश को न केवल औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग से वैश्विक मंच पर एक मजबूत पहचान दिलाना भी है।