मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान के टोक्यो में असाकुसा मंदिर में दर्शन किए। यह टोक्यो का सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर है, जिसे शांति और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना करके छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की खुशहाली, समृद्धि और विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि जिस तरह यह मंदिर शांति और शक्ति का प्रतीक है, उसी तरह छत्तीसगढ़ की जनता भी शांति, सामर्थ्य और समृद्धि से भरपूर राज्य के रूप में लगातार प्रगति करे, यही उनकी इच्छा है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एनटीटी लिमिटेड (NTT Ltd.) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कायो इतो से मुलाकात की। एनटीटी एक प्रमुख आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल समाधान कंपनी है, जिसकी सालाना आय 90 अरब अमेरिकी डॉलर है और जो 50 से अधिक देशों में काम करती है।
बैठक में छत्तीसगढ़ में तकनीकी निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। एनटीटी दुनिया भर में क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा सहित आधुनिक आईटी समाधान प्रदान कर रही है और डिजिटल परिवर्तन में अग्रणी है।
शाम को भारत के जापान में राजदूत सिबी जॉर्ज द्वारा आयोजित रात्रिभोज में मुख्यमंत्री साय और प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए। इस अवसर पर इंडो-पैसिफिक देशों को उद्योग और व्यापार के माध्यम से जोड़ने पर जोर दिया गया, जिससे आर्थिक स्थिरता, व्यापार सुरक्षा, पर्यावरणीय संतुलन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिले।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जापान की उन्नत तकनीक और भारत की कुशल जनशक्ति के सहयोग से व्यापक औद्योगिक सहयोग की संभावना है। उन्होंने सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ को जापानी पर्यटकों के लिए एक आकर्षक पर्यटन स्थल बनाने पर भी जोर दिया।