कसडोल थाना क्षेत्र के झबड़ी गांव में रविवार रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की जान चली गई। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस पर भी ग्रामीणों ने पथराव किया।
जानकारी के अनुसार, झबड़ी और मडकड़ा गांव के बीच पुरानी दुश्मनी थी। नानू उर्फ त्रिलोकचंद कौशिक और लकी केवट, अजय केवट के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से मामला और बढ़ गया।
रविवार शाम को नानू और हेमचंद्र जब मडकड़ा गांव के पास से गुजर रहे थे, तभी उन पर जानलेवा हमला किया गया। नानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रायपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद जब पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची, तो ग्रामीणों ने पुलिस का विरोध किया और पथराव किया। स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने अजय केवट और लकी केवट को गिरफ्तार कर लिया है। गांव में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।