बिहार सरकार ने त्योहारों के दौरान घर जाने वाले लोगों को बड़ी राहत दी है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि दशहरा, दीपावली, छठ और होली जैसे त्योहारों पर दूसरे राज्यों से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों और कामगारों को अंतर्राज्यीय बस सेवाओं में विशेष छूट मिलेगी। सरकार ने इसके लिए 24 करोड़ 06 लाख 36 हजार रुपये आवंटित किए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2025-26 में दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और होली पर पीपीपी मॉडल के तहत बसें चलेंगी, जिनमें डीलक्स नॉन-एसी, डीलक्स एसी और डीलक्स स्लीपर एसी बसों के किराए में छूट दी जाएगी। BSRTC ने इस योजना पर 24.06 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया है, जबकि बजट में केवल 10 करोड़ रुपये का प्रावधान है। शेष राशि बिहार आकस्मिकता निधि से ली जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बिहार में सार्वजनिक परिवहन का लगातार विस्तार हो रहा है। केंद्र सरकार दिवाली और छठ के लिए 12,739 विशेष ट्रेनें चलाएगी, जो पिछले साल की तुलना में काफी अधिक हैं। यह मोदी सरकार की उन लाखों बिहारियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है जो त्योहारों में अपने घर लौटना चाहते हैं।