बिहार पुलिस ने आने वाले त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। 5 सितंबर को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी, 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी और 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। सभी तरह के जुलूसों को निकालने के लिए अब स्थानीय प्रशासन से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों ने साफ किया है कि जुलूसों के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी और इस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह जानकारी पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में दी गई। सभी जिलों को अतिरिक्त सुरक्षा बल दिए गए हैं।
निर्देश दिए गए हैं कि जुलूस निकालने से पहले शांति समितियों की बैठकें की जाएं। जुलूस के रास्तों को पहले से निर्धारित किया जाए और उनका भौतिक सत्यापन किया जाए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं और सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी की जाए। विसर्जन के लिए निर्धारित घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
पुलिस मुख्यालय और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेंगे और हर 4 घंटे में जिलों से अपडेट रिपोर्ट ली जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
गया में 6 से 21 सितंबर तक पितृपक्ष मेला आयोजित किया जा रहा है। यहां अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, जिनमें पुलिस अधिकारी, सिपाही, गृह रक्षक, सशस्त्र बल, घुड़सवार दल, आंसू गैस दस्ता, दंगा निरोधक कंपनी और बम निरोधक दस्ता शामिल हैं। गया बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे ताकि बाहर से आने वाले लोगों को सहायता मिल सके।