राजद नेता तेजस्वी यादव ने राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के नियंत्रण में है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्य चुनाव आयुक्त ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता इस बात को समझ रही है कि भाजपा ने पहले चुनाव आयोग पर कब्जा किया और अब वोट चुराने की कोशिश कर रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि मतदाता अधिकार यात्रा को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग ने उन सवालों का जवाब नहीं दिया जो उठाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग जीवित हैं, उन्हें मृत घोषित कर दिया गया, जिसके हजारों उदाहरण हैं। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयुक्त वही सब बोल रहे हैं जो उन्हें पीएमओ से सिखाया गया है।
वोटर अधिकार यात्रा के तीसरे दिन की शुरुआत नवादा के हनुमान मंदिर से हुई। राहुल गांधी ने नवादा के भगत सिंह चौक पर एक सभा को संबोधित किया। यात्रा वारसलीगंज और शेखपुरा से भी गुजरी, जहां राहुल गांधी ने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। यात्रा बरबीघा में एक जनसभा के साथ समाप्त होगी।