
जीएसटी (GST) में हुए बदलावों से देश में कई चीजों के दाम कम हुए हैं। नए रेट्स 22 सितंबर से लागू हो जाएंगे। इस बदलाव के बाद कई लोकप्रिय कारों की कीमतें भी घट जाएंगी, क्योंकि अब इन पर 28% की जगह 18% टैक्स लगेगा। छोटी कारें, जो भारत के पैसेंजर वाहन बाजार की रीढ़ रही हैं, पिछले कुछ समय से बिक्री में गिरावट और बाजार के सिकुड़ने की समस्या से जूझ रही थीं, लेकिन नए टैक्स नियमों से इनके लिए फिर से तेजी आने की उम्मीद है।
गाड़ियों पर वर्तमान टैक्स का स्ट्रक्चर
मौजूदा नियमों के अनुसार, छोटी पेट्रोल कारों, जिनका इंजन 1200cc से कम और लंबाई 4 मीटर से कम है, उन पर 28% जीएसटी और 1% सेस लगता है। छोटी डीजल कारों, जिनका इंजन 1500cc से कम और लंबाई 4 मीटर से कम है, उन पर 28% जीएसटी और 3% सेस लगता है, यानी कुल 31% टैक्स लगता है। हालांकि, इन गाड़ियों पर जीएसटी दर 28% है, लेकिन अलग-अलग सेस लगने की वजह से कुल टैक्स बढ़ जाता है। वहीं बड़ी एसयूवी, जिनका इंजन 1500cc से ऊपर और लंबाई 4 मीटर से ज्यादा है, उन पर 28% जीएसटी और 22% सेस मिलाकर कुल 50% टैक्स लगता है।
गाड़ियों के टैक्स में कमी
नए जीएसटी नियमों के तहत, सरकार ने कारों पर टैक्स सिस्टम को सरल बना दिया है। नए नियमों में ज्यादातर छोटी और मिड-साइज कारों को 18% टैक्स स्लैब में रखा गया है, जबकि लग्जरी और एसयूवी कारों पर 40% टैक्स लगेगा। इस बढ़ोतरी के बावजूद, लग्जरी कारों पर भी पहले की तुलना में कम टैक्स लगेगा। अब 1200cc तक इंजन और 4 मीटर से कम लंबाई वाली छोटी पेट्रोल कारों पर 18% जीएसटी लगेगा। इसके अलावा, 1500cc तक इंजन और 4 मीटर से कम लंबाई वाली छोटी डीजल कारों पर भी 18% टैक्स लगेगा। जो कारें इन कैटेगरी में नहीं आतीं, उन पर केवल 40% जीएसटी लागू होगा।
इन गाड़ियों पर 29% से 18% होगा टैक्स
कार मॉडल | वर्तमान शुरुआती कीमत (रुपए में) | टैक्स कटौती के बाद शुरुआती अनुमानित राहत (रुपए में) |
Alto K10 | 4.23 लाख | 42 हजार |
Maruti Suzuki Swift | 6.49 लाख | 60 हजार |
Maruti Suzuki Dzire | 6.84 लाख | 65-68 हजार |
Hyundai Grand i10 | 5.98 लाख | 47 हजार |
Maruti Suzuki S-Presso | 4.26 लाख | 43 हजार |
Tata Tiago | 5.65 लाख | 50 हजार |
Tata Nexon | 8.0 लाख | 80 हजार |
Maruti Suzuki Wagon | 5.79 लाख | 55 हजार |
Maruti FRONX | 7.58 लाख | 75 हजार |
Maruti Baleno | 6.74 लाख | 67 हजार |
ध्यान दें: टेबल में दिखाई गई कारों की कीमतें बेस मॉडल की एक्स-शोरूम प्राइस हैं और टैक्स में कटौती के बाद मिलने वाली राहत मॉडल की कीमत पर निर्भर करेगी। मॉडल की कीमत जितनी अधिक होगी, जीएसटी में कटौती से उतना ही अधिक फायदा होगा।
Hyundai Creta
भारत में सबसे लोकप्रिय एसयूवी में से एक क्रेटा पर अब 40% जीएसटी लगेगा। पहले इस पर 28% जीएसटी और 15% सेस मिलाकर 43% टैक्स लगता था। अब कीमत में लगभग 3% तक की कमी आने की उम्मीद है, जिससे ग्राहकों को थोड़ा फायदा होगा।
Mahindra Thar
भारत में असली ऑफ-रोड एसयूवी मानी जाने वाली थार पर अभी 45-50% तक टैक्स लगता था, जो वेरिएंट पर निर्भर करता था, लेकिन अब नए जीएसटी नियमों के तहत इस पर सिर्फ 40% टैक्स लगेगा।
Mahindra Scorpio
स्कॉर्पियो के ज्यादातर वेरिएंट पर अभी तक 50% टैक्स लगता था (28% जीएसटी + 22% सेस), लेकिन अब सेस हटा दिए जाने के बाद इस पर सिर्फ 40% जीएसटी लगेगा।
Toyota Innova Crysta
स्कॉर्पियो की तरह ही इनोवा क्रिस्टा पर भी पहले 28% जीएसटी और 22% सेस मिलाकर 50% टैक्स लगता था। अब इस लोकप्रिय कार पर केवल 40% टैक्स लगेगा।
सभी कारों की कीमतों में आएगी कमी
कुल मिलाकर, सभी प्रकार की कारों की कीमतें कम होंगी। गाड़ियों पर कितनी राहत मिलेगी, यह उनकी कीमत, मॉडल और सेगमेंट पर निर्भर करेगा। अगर कोई छोटी पेट्रोल कार है तो ज्यादा राहत मिलेगी, वहीं बड़ी एसयूवी पर 5-10 फीसदी तक की राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, कीमत अधिक होने के कारण टैक्स कटौती का आंकड़ा भी बड़ा होगा, जिससे अधिक राहत मिलेगी।