रांची: आने वाले दिनों में झारखंड में ठंड और बढ़ेगी। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति का पूर्वानुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है, उनमें पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा जैसे पश्चिमी जिले शामिल हैं। इसके साथ ही, रांची, रामगढ़, बोकारो, खूंटी, गुमला, हजारीबाग, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद जैसे मध्यवर्ती जिलों में भी शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी मध्य भागों में कुछ जगहों पर ‘शीत दिवस’ की स्थिति बन सकती है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास अधिक होगा। इसके अलावा, उत्तरी इलाकों में सुबह और शाम के समय घने कोहरे के छाए रहने की भी संभावना है, जो जनजीवन को प्रभावित कर सकता है। मंगलवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ होने के बावजूद कड़ाके की ठंड महसूस की गई। राज्य के अन्य जिलों में भी देर रात और तड़के सुबह कोहरे की चादर बिछी रही, जबकि रांची के कुछ नमी वाले इलाकों में भी रात के दौरान कोहरे का अनुभव किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किए गए तापमान के अनुसार, चाईबासा सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, गुमला में न्यूनतम तापमान सबसे कम, 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.3 और न्यूनतम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 23.4 और न्यूनतम 8.6 डिग्री, डालटेनगंज का अधिकतम 16 और न्यूनतम 5 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 21.6 और न्यूनतम 7.1 डिग्री, चाईबासा का अधिकतम 26.8 और न्यूनतम 9.2 डिग्री, खूंटी का अधिकतम 25.5 और न्यूनतम 3.7 डिग्री, लोहरदगा का अधिकतम 23.4 और न्यूनतम 6 डिग्री, लातेहार का अधिकतम 22.5 और न्यूनतम 4.6 डिग्री, और सरायकेला का अधिकतम 24.7 और न्यूनतम 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
