नई दिल्ली: वैश्विक आइकन प्रियंका चोपड़ा जोनस ने नव वर्ष के आगमन से पहले अपने प्रशंसकों को एक प्रेरणादायक संदेश दिया है। ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 4’ के पहले एपिसोड में उन्होंने दुनिया की चुनौतियों के बीच दयालुता और आपसी व्यवहार के महत्व पर जोर दिया।
प्रियंका चोपड़ा ने कहा, “यह दुनिया बहुत अजीब और अप्रत्याशित है, और इसमें हर तरह के लोग हैं। सोशल मीडिया पर भी बहुत कुछ अजीब होता रहता है, इसलिए मेरा सुझाव है कि आप हमेशा दयालुता को चुनें। अपने आसपास के सभी लोगों का सम्मान करें, उन्हें हंसाने की कोशिश करें। ये चीजें किसी भी नए साल के संकल्प से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।”
दुनियाभर में अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका का यह संदेश इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने ग्लैमरस दुनिया के साथ-साथ सार्वजनिक जीवन की कड़वी सच्चाइयों को भी करीब से देखा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज की दुनिया में, जहां अक्सर मतभेद देखने को मिलते हैं, वहां दयालुता और एक-दूसरे का ख्याल रखना ही सबसे बड़ा सकारात्मक कदम हो सकता है।
हाल ही में, प्रियंका चोपड़ा जोनस मुंबई में कपिल शर्मा के नए शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 4’ के सेट पर देखी गईं। इस दौरान वह अपने फैशनेबल अंदाज में नजर आईं, उन्होंने एक खूबसूरत फ्लोरल ड्रेस के साथ स्कार्फ कैरी किया था। उन्होंने मीडिया के कैमरों के सामने मुस्कुराते हुए पोज दिए। इससे पहले, उन्होंने मुंबई आगमन की सूचना अपने सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट्स और बिजी शेड्यूल की झलक थी।
