रांची में अंतर्राष्ट्रीय ध्यान दिवस के उपलक्ष्य में योग पर एक नई पुस्तक “योग एक दृष्टि में” के संशोधित संस्करण को लॉन्च किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री माननीय संजय सेठ ने पुस्तक का अनावरण किया। यह पुस्तक जानी-मानी योग विशेषज्ञ डॉ. परिणीता सिंह और डॉ. अर्चना कुमारी की संयुक्त रचना है।
डॉ. परिणीता सिंह ने बताया कि यह पुस्तक योग के प्रति उनके गहरे लगाव और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह योग पर उनकी चौथी प्रकाशित कृति है; इससे पहले उनकी “योग एक दृष्टि में”, “अभ्यासम्” और “पारंपरिक योग” भी पाठकों द्वारा सराही जा चुकी हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह पुस्तक हर उम्र के लोगों के लिए फायदेमंद है, जो योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहते हैं।
पुस्तक के सह-लेखिका डॉ. अर्चना कुमारी के अनुसार, “योग एक दृष्टि में” में योग के गूढ़ रहस्यों को सरल और सुलभ भाषा में समझाया गया है। इसका उद्देश्य योग के सैद्धांतिक पहलुओं को इस प्रकार प्रस्तुत करना है कि आम पाठक भी इसे आसानी से समझ सकें और अपने दैनिक जीवन में लागू कर सकें। यह पुस्तक निश्चित रूप से योग के प्रसार में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
