रांची: प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने प्रेस बयान जारी कर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखे वार किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से केंद्र में काबिज मोदी सरकार लगातार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और लोहिया जैसे राष्ट्र नायकों का अपमान कर रही है। यह सरकार जनविरोधी कार्यों को ही बढ़ावा देती आई है।
यादव ने मनरेगा की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि यह योजना यूपीए की डॉ. मनमोहन सिंह सरकार की एक अत्यंत सफल परियोजना थी, जिसने रोजगार सृजन में अभूतपूर्व काम किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा बटोरी। भारत की आजादी के प्रतीक और देशवासियों के आदर्श, महात्मा गांधी के नाम पर 2005 में यह कानून बना, जो उनके स्वराज के सपने को मजबूत करता था। राजद का कहना है कि मोदी सरकार देश की धर्मनिरपेक्ष पहचान और जनहित के प्रति अपनी उपेक्षा दिखा रही है। इसलिए, राजद इस नए प्रस्तावित ‘VB – राम रोजगार योजना’ का कड़ा विरोध करता है। मनरेगा का नाम बदलने और इस संबंध में लोकसभा से प्रस्ताव पारित करना, राष्ट्र के प्रति एक गंभीर अपमान है।
राजद प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि मनरेगा का नाम बदलने का यह कदम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भगवान राम, दोनों का अपमान है। इस निर्णय के खिलाफ पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होगा। यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी ‘बलात्कारी आसाराम बापू’ को आदर्श मानती है और उन्हें ‘पूज्य बापू’ कहकर संबोधित करती है। वे इसे ‘भारत जलाओ पार्टी’ बताते हुए इसके ऐसे कट्टरपंथी फैसलों का पुरजोर विरोध करने की घोषणा करते हैं।
