नई दिल्ली: हाल ही में खबरें सामने आई हैं कि लोकप्रिय अभिनेत्री सामंथा प्रभु और ‘द फैमिली मैन’ के निर्देशक राज निदिमोरु ने आज सात फेरे लिए हैं। पिछले कुछ समय से ये दोनों कलाकार अपने रिश्ते को लेकर सुर्खियों में बने हुए थे। हालांकि, दोनों की ओर से शादी की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, सामंथा प्रभु और राज निदिमोरु ने सोमवार सुबह ईशा फाउंडेशन के लिंग भैरवी मंदिर में एक अंतरंग समारोह में विवाह संपन्न किया। इस कार्यक्रम में केवल करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों सहित लगभग 30 लोग शामिल हुए। सामंथा को इस दौरान पारंपरिक लाल रंग की साड़ी में देखा गया।
इन दोनों की शादी की चर्चाओं को तब और बल मिला, जब राज निदिमोरु की पूर्व पत्नी श्यामाली डे ने इंस्टाग्राम पर एक क्रिप्टिक संदेश लिखा, “The desperate people do desperate things.”। यह माना जा रहा है कि राज और श्यामाली का अलगाव 2022 में ही हो गया था।
सामंथा ने हाल ही में अपने परफ्यूम ब्रांड ‘सीक्रेट अल्केमिस्ट’ के लॉन्च इवेंट की कुछ तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की थीं। एक तस्वीर में सामंथा, राज निदिमोरु के साथ खड़ी थीं और उन्होंने राज को गले लगाया हुआ था। इन तस्वीरों ने उनके रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों को और पुख्ता कर दिया। इवेंट में अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भी मौजूद थीं।
सामंथा और राज के रिश्ते की खबरें अप्रैल से ही चर्चा में हैं, जब उन्हें आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर में साथ देखा गया था। दोनों ने भगवान श्री वेंकटेश्वर के दर्शन किए थे। इससे पहले, सामंथा ने पिकलबॉल खेलते हुए भी राज के साथ अपनी तस्वीरें साझा की थीं, जिसने डेटिंग की अफवाहों को हवा दी थी।
