रविवार की सुबह दिल्ली की हवा जहरीली हो गई, जहाँ घने स्मॉग ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। राष्ट्रीय राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 385 तक पहुँच गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है। सुबह की सैर के लिए निकले लोगों को दृश्यता में भारी कमी का सामना करना पड़ा। इंडिया गेट जैसे इलाकों में धुंध का आलम ऐसा था कि स्मारक दिखाई नहीं दे रहा था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, राजघाट और ITO जैसे क्षेत्रों में AQI 417 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। आनंद विहार, अलीपुर और अशोक विहार जैसे इलाकों में भी AQI 400 से 415 के बीच रहा। चांदनी चौक में AQI 420 दर्ज किया गया, जबकि द्वारका में यह 378 था।
मौसम विभाग ने बढ़ते प्रदूषण के साथ-साथ गिरते तापमान पर भी चिंता जताई है। IMD ने देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है, जिसके चलते इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, IMD ने तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। केरल और अरुणाचल प्रदेश के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
