भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर कोडरमा के मॉडर्न पब्लिक स्कूल में ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ का आरंभिक समारोह संपन्न हुआ। इस पखवाड़े के उद्घाटन अवसर पर, विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक नाटिका के माध्यम से ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और उनके अद्वितीय योगदान को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया। छात्रों ने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन में बिरसा मुंडा की भूमिका को रेखांकित किया, बल्कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनकी पहचान को बनाए रखने के लिए किए गए उनके प्रयासों को भी बखूबी दर्शाया।
नाटक की प्रस्तुति में अंकित कुमार, रणवीर कुमार, सुनय सहाना, रौशन कुमार, कुंदन कुमार, किमसी कुमारी, अंश कुमार, विवान कुमार और शशि कुमार ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाईं। विद्यालय के शिक्षक संदीप कुमार और शिक्षिका सत्यभामा ठाकुर ने इस नाट्य प्रस्तुति के लिए छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस जनजातीय गौरव पखवाड़े का उद्देश्य हमारे देश के उन वीर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली विरासत को सम्मानित करना है, जिन्होंने राष्ट्र की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह पखवाड़ा जनजातीय कला, संस्कृति और जीवन शैली की विविधता को छात्रों के समक्ष प्रस्तुत कर उन्हें अपनी जड़ों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। आने वाले समय में विद्यालय इस पखवाड़े के तहत कई और सार्थक गतिविधियों का आयोजन करेगा।
