मेक्सिको के हर्मोसिलो शहर में एक जनरल स्टोर में लगी आग ने 23 लोगों की जान ले ली, जिनमें कई मासूम बच्चे भी शामिल थे। इस भयावह अग्निकांड में 11 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सनोरा के गवर्नर अल्फोंसो ड्यूराजो ने इस घटना को ‘गहरी दुखद’ बताया है और कहा कि मरने वालों में नाबालिग भी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, आग हर्मोसिलो के एक व्यस्त इलाके में स्थित ‘वाल्डोस’ नामक डिस्काउंट स्टोर में लगी। आग इतनी भीषण थी कि दमकल कर्मियों को बचाव कार्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जांचों के अनुसार, यह आग किसी जानबूझकर किए गए हमले या आगजनी का नतीजा नहीं है। अधिकारी आग के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।
पीड़ितों की पहचान के अनुसार, मरने वालों में 12 महिलाएं, पांच पुरुष, चार लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने तत्काल पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और राज्य सरकार को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए संघीय एजेंसियों को सक्रिय कर दिया है।
