सैनिक स्कूल तिलैया में चल रहे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ राष्ट्रीय शिविर के नौवें दिन, कोडरमा में एनसीसी कैडेट्स ने 26/11 मुंबई हमलों के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। हजारीबाग ग्रुप के मार्गदर्शन में 45 झारखंड बटालियन, कोडरमा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न राज्यों से आए 601 कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
36 झारखंड बटालियन, धनबाद के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल संजय कंडवाल (सेना मेडल) ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए 26/11 के आतंकी हमलों और उन्हें बेअसर करने के लिए चलाए गए ‘ऑपरेशन ब्लैक टॉरनेडो’ का सजीव वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे NSG कमांडो ने जान की परवाह न करते हुए आतंकवादियों का सामना किया और निर्दोष लोगों की जान बचाई। कर्नल कंडवाल, जिन्हें उनके शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए भारत के राष्ट्रपति से सेना मेडल प्राप्त हुआ है, ने अपने अनुभव साझा कर कैडेट्स को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया।
45 झारखंड बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार (सेना मेडल) ने कर्नल कंडवाल को एक प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया और 26/11 के ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी देने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया।
शिविर के दौरान, राष्ट्रीय एकता और जागरूकता पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। इंटर-ग्रुप स्तर पर वॉलीबॉल और खो-खो के फाइनल मुकाबले खेले गए। सांस्कृतिक समन्वयकों और प्रशिक्षकों के नेतृत्व में, कैडेट्स ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग, सोलो परफॉरमेंस, पोस्टर मेकिंग और रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं के लिए कमर कस चुके हैं। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय शिविर के सफल संचालन में शिविर नोडल अधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष कुमार और कई अन्य स्टाफ सदस्य पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।