उत्तर प्रदेश पुलिस की तर्ज पर अब धनबाद पुलिस भी अपराध पर नकेल कसने के लिए आक्रामक तेवर अपना रही है। इसका एक बड़ा उदाहरण तेतुलमारी थाना क्षेत्र में आज सुबह देखने को मिला, जब पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गोली लगी।
मंगलवार की अहले सुबह लगभग 5 बजे, तिलाताड़ जंगल स्थित वाटर प्लांट के पास पुलिस को कुछ अपराधियों के जमावड़े की सूचना मिली। ये अपराधी एक बड़ी अपराध की योजना बना रहे थे। सूचना पर कार्रवाई करते हुए तेतुलमारी थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें भानु मांझी नाम का अपराधी पुलिस की गोली का शिकार हो गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल भानु मांझी को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए धनबाद के असर्फी अस्पताल भेजा। भानु मांझी, कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का गुर्गा बताया जा रहा है, जो इलाके में दहशत फैलाने का काम करता था। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें एक मोटरसाइकिल और हथियार बरामद हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार खुद मौके पर पहुंचे और पूरी घटना का विवरण लिया। उन्होंने मीडिया को बताया कि घायल भानु मांझी कई संगीन मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में विभिन्न थानों में कई एफआईआर दर्ज हैं। वह हाल ही में राजगंज पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी की घटना में भी शामिल था। पुलिस अब घायल अपराधी से पूछताछ कर प्रिंस खान के गिरोह के बारे में और जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।