पिट्सबर्ग, अमेरिका में एक दुखद घटना में, एक भारतीय मूल के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पीड़ित एक मोटल का मालिक था। यह घटना शुक्रवार दोपहर को हुई जब वह दो लोगों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 51 वर्षीय राकेश एहागाबन, जो पिट्सबर्ग मोटल के मालिक थे, ने झगड़े को शांत करने की कोशिश करते हुए आरोपी स्टैनली यूजीन वेस्ट से पूछा, ‘क्या तुम ठीक हो?’ दुर्भाग्यवश, यह सवाल एहागाबन के लिए जानलेवा साबित हुआ। वेस्ट ने तुरंत उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पूरी घटना मोटल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। वेस्ट पिछले दो हफ्तों से एक महिला और एक बच्चे के साथ मोटल में रह रहा था। इससे पहले, उसने मोटल की पार्किंग में अपनी महिला साथी पर भी गोली चलाई थी, जिसमें वह घायल हो गई थी।
घटना के बाद, वेस्ट मौके से भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया और ईस्ट हिल्स इलाके में उसे ढूंढ निकाला, जहां उसने पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वेस्ट और एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। वेस्ट पर क्रिमिनल होमिसाइड (हत्या), हत्या का प्रयास और दूसरों के जीवन को खतरे में डालने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अभी भी घटना के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।