बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल राजगीर में एक विशेष कार्यक्रम में 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। साथ ही, 812 खिलाड़ियों को लगभग 8 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि भी वितरित की जाएगी। यह समारोह 5 अक्टूबर को राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित होगा।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि ‘मेडल लाओ नौकरी पाओ’ योजना के तहत, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी दी जा रही है। इस योजना के तहत 87 खिलाड़ियों को चयनित किया गया है, जिनमें 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुसार विभिन्न विभागों में नियुक्त किया जाएगा, जिसमें क्लास वन से लेकर अन्य श्रेणियां शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों में 10 पुलिस अवर निरीक्षक, 1 बाल कल्याण पदाधिकारी, 65 निम्नवर्गीय लिपिक और 11 कार्यालय परिचारी शामिल हैं।
इसके अलावा, 44 खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान में 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी, 24 प्रशिक्षक, 5 खेल संघ और 1 खेल अधिकारी शामिल हैं। 2022 से 2025 तक, बिहार सरकार ने 2085 खिलाड़ियों को लगभग 23.5 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि वितरित की है।