आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद करने और उन्हें निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाया है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बार-बार झूठ बोलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार के आठ महीने हो गए हैं और सरकारी अस्पतालों की स्थिति पहले कभी इतनी खराब नहीं थी।
भारद्वाज ने बताया कि पहले अरविंद केजरीवाल सरकार ने सभी दवाइयां और टेस्ट मुफ्त किए थे। अगर सरकारी अस्पताल में एमआरआई, सीटी स्कैन या सर्जरी नहीं हो पाती थी, तो उन्हें निजी अस्पतालों में भेजा जाता था। लेकिन अब दिल्ली के सरकारी अस्पतालों और केंद्र सरकार के राममनोहर लोहिया अस्पताल में दवाइयां, टेस्ट और सर्जरी उपलब्ध नहीं हैं, क्योंकि भाजपा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं का निजीकरण करने जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को नष्ट किया जा रहा है, जबकि दिल्ली में बाहर से लोग इलाज कराने आते थे। अब सरकार इसे निजी हाथों में सौंपने जा रही है और जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा की जा रही है। दिल्ली में महीनों से दवाइयों की कमी है।
भारद्वाज ने कहा कि डाट का 80 करोड़ रुपये का बजट था, उसमें कटौती हुई और बजट को शून्य कर दिया गया। उन्होंने शराब पीने की उम्र 25 से 21 साल करने पर भी भाजपा की आलोचना की और मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।