एशिया कप 2025 में अपने बल्ले से धूम मचाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इन दिनों ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ वनडे सीरीज में व्यस्त हैं। पहले वनडे में भले ही उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, लेकिन वे कानपुर में जमकर अभ्यास कर रहे हैं। 3 अक्टूबर, शुक्रवार को उनकी बहन कोमल शर्मा की शादी अमृतसर में होनी है। खबर है कि अभिषेक शर्मा के शादी में शामिल होने की संभावना कम है क्योंकि वे मैच में व्यस्त हैं। शादी समारोह में कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
अभिषेक शर्मा की बहन कोमल शर्मा, लुधियाना के एक जाने-माने व्यवसायी परिवार से ताल्लुक रखने वाले लविश ओबराय से शादी कर रही हैं। शादी 3 अक्टूबर को अमृतसर में होगी, जिस दिन भारत-ए और ऑस्ट्रेलिया-ए का मैच भी है। इसी कारण अभिषेक शर्मा के शादी में शामिल होने की संभावना कम है।
मैच के अलावा, टीम इंडिया अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रही है, इसलिए कोई भी क्रिकेटर शादी में शामिल नहीं हो पाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के समारोह में शामिल होने की संभावना है, और कई अन्य प्रसिद्ध व्यक्तियों के भी आने की उम्मीद है। मीडिया को इस समारोह में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
हालांकि, 30 सितंबर को अभिषेक शर्मा ने अपनी बहन की शगुन की रस्म में खूब डांस किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह भी इस मौके पर मौजूद थे।
अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनकी बहन कोमल उनके लिए बहुत भाग्यशाली हैं। उन्होंने इस बार शादी का तोहफा एशिया कप मांगा था और उन्होंने उनकी इच्छा पूरी कर दी। शादी के बाद भी उनका भाई-बहन का रिश्ता ऐसा ही बना रहेगा। शगुन की रस्म के दौरान अभिषेक शर्मा की बहन लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाए थे और उन्हें टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था।