अब राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को कई तरह की सुविधाओं और जानकारियों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। NHAI राजमार्गों पर QR कोड वाले साइन बोर्ड लगा रहा है। इन बोर्डों पर राजमार्ग संख्या, दूरी, परियोजना की लंबाई और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारी होगी। यात्री पेट्रोल पंप, टोल मैनेजर और अन्य अधिकारियों के नंबर भी जान पाएंगे।
इसके अलावा, इन बोर्डों पर अस्पताल, शौचालय, पुलिस स्टेशन, रेस्तरां, टोल प्लाजा, ट्रक पार्किंग और पंचर की दुकानों जैसी सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन की जानकारी भी मिलेगी। ये बोर्ड टोल प्लाजा, विश्राम स्थलों, ट्रक लेबाय और राजमार्गों के शुरू और अंत में लगाए जाएंगे। इस नई पहल से यात्रियों को आसानी से जानकारी मिलेगी, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और यात्रा का अनुभव सुखद होगा।