मानसून का मौसम जून से सितंबर तक रहता है। इस बार मानसून कई राज्यों में सक्रिय रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर की शुरुआत में मानसून की विदाई के बाद भी कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। दशहरे पर भी कई राज्यों में बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भारी बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 2 अक्टूबर यानी दशहरे को भी दिल्ली का मौसम ऐसा ही रहने वाला है। 3 और 4 अक्टूबर को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
उत्तर प्रदेश में मंगलवार से मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने 1 से 5 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है, जिससे दशहरे पर यूपी में बारिश होने की संभावना है। आज पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल गरज सकते हैं और बिजली चमक सकती है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना है।
बिहार में दशहरे पर बारिश की संभावना है। 2 से 7 अक्टूबर तक पूरे राज्य में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। आज भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में हल्की बारिश हो सकती है। सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में मूसलाधार बारिश देखने को मिल सकती है।
महाराष्ट्र में दक्षिण पश्चिम मानसून खूब बरसा है। आज भी राज्य में बारिश होने की आशंका है। हालांकि, 1 और 3 अक्टूबर तक कोंकण के कुछ हिस्सों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में बारिश में कमी देखी जाएगी। मुंबई, ठाणे और उपनगरों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
राजस्थान के 16 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश 3 अक्टूबर तक जारी रह सकती है। दशहरे (2 अक्टूबर) पर भी तेज बारिश की संभावना है। 22 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंड में फिर से बारिश का दौर शुरू हो गया है। 1 से 2 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। 3 और 4 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में 26 सितंबर को मानसून के जाने के बाद मौसम साफ था। 1 से 3 अक्टूबर तक मौसम साफ और शुष्क रह सकता है, यानी दशहरे पर बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन 4 से 6 अक्टूबर तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम खराब रहेगा और बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 2 से 5 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है। केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 1, 2, 3 और 4 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है।