रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में निजी अस्पतालों का योगदान महत्वपूर्ण है। मरीजों को बेहतरीन उपचार प्रदान करने के लिए आधुनिक और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास हो रहे हैं। इसी दिशा में, अरम आई हॉस्पिटल की शुरुआत की गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को इरबा के अब्दुर्रज्जाक अंसारी मेमोरियल अस्पताल परिसर में अरम आई हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के खुलने से नवीनतम तकनीकों से आंखों का इलाज हो सकेगा। आंखें अनमोल हैं और उनकी देखभाल जरूरी है।
अस्पताल के प्रबंध निदेशक इफ्तेखार अहमद अंसारी ने कहा कि स्वस्थ आंखें जीवन के लिए आवश्यक हैं। खिजरी के विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि आंखों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए, यह अस्पताल एक सराहनीय कदम है। कांके के विधायक सुरेश बैठा ने कहा कि निजी अस्पतालों के खुलने से सुविधाएं बढ़ती हैं और इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता है।
अब्दुर्रज्जाक अंसारी मेमोरियल वीवर्स हॉस्पिटल के संस्थापक सईद अहमद अंसारी ने बताया कि यहां चेन्नई के शंकर नेत्रालय और मुंबई के अरविंद हॉस्पिटल के अनुभवी डॉक्टरों की सेवाएं मिलेंगी।
इस अवसर पर छोटानागपुर रीजनल हैंडलूम वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अनवार अहमद अंसारी ने कहा कि अस्पताल में सस्ती दरों पर आधुनिक उपकरणों से इलाज किया जाएगा। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत और धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में जावेद अंसारी, फिरोज अहमद अंसारी, फैयाज अंसारी, डॉ. पी.एन. सिंह, डॉ. मुकेश, डॉ. हिदायत, असगर अंसारी, आबिद अंसारी, अधिवक्ता जमील अंसारी, नसीम अंसारी सहित कई डॉक्टर और अन्य लोग मौजूद थे।