केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘लालू एंड कंपनी’ ने बिहार में भ्रष्टाचार किया और कांग्रेस ने देश को लूटा, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में बिना किसी भ्रष्टाचार के शासन किया है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी घुसपैठियों को वोटिंग अधिकार दिलाना चाहते हैं, जिसका भाजपा विरोध करती है।
अररिया में आयोजित जनसभा में शाह ने कहा, ‘राहुल और लालू के लिए यह चुनाव अपनी पार्टी को जिताने और लालू के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का चुनाव है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यह चुनाव बिहार से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है।’ उन्होंने लोगों से एनडीए को भारी बहुमत से जिताने का आह्वान किया।
यह शाह का पिछले 10 दिनों में दूसरा बिहार दौरा था। उन्होंने इससे पहले पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में भी बैठक की थी और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के अनुसार, शाह ने समस्तीपुर और अररिया जिलों में भी बैठकों को संबोधित किया।