नवरात्रि के पावन अवसर पर, पूरा देश भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। इसी बीच, झारखंड की राजधानी रांची में भी दुर्गा पूजा के लिए अलग-अलग थीम पर आधारित पंडाल बनाए जा रहे हैं। रांची में होने वाले भव्य दुर्गा पूजा आयोजन पूरे देश में प्रसिद्ध हैं। रांची के बकरी बाजार में भारतीय युवक संघ ने कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर की तर्ज पर मां दुर्गा का विशाल पूजा पंडाल बनाया है।
इसके अलावा, रांची में कई अन्य जगहों पर भी शानदार पंडाल बनाए गए हैं। हरमू में पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति ने वृंदावन के प्रेम मंदिर का मॉडल बनाया है। वहीं, रांची के रातू रोड पर स्थित एक पूजा समिति ने इटली के रोम में स्थित वेटिकन सिटी के चर्च की तरह दुर्गा पूजा पंडाल बनाया है, जो उद्घाटन से पहले ही विवादों में आ गया।
विवाद की वजह यह है कि विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने इटली के रोम स्थित वेटिकन सिटी के चर्च की तर्ज पर बने दुर्गा पूजा पंडाल पर आपत्ति जताई है। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने सोशल मीडिया पर इस पंडाल की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि क्या यह पूजा घर है या चर्च? उन्होंने आरोप लगाया कि JMM नेता विक्की यादव के नेतृत्व में यह पंडाल धर्मांतरण का अड्डा बन गया है। पंडाल के अंदर कैथोलिक धर्मगुरुओं की तस्वीरें हैं, और बाहरी हिस्से में ईसाई प्रतीकों के साथ कुछ लोगों को दिखाया गया है।
इस पंडाल को लगभग 70 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। विवाद बढ़ने के बाद, आरआर दुर्गा पूजा समिति ने हिंदू संगठनों की आपत्ति को ध्यान में रखते हुए पंडाल से कुछ हिस्सों को हटा दिया है, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस न पहुंचे।