दिल्ली में आयोजित स्कॉच अवार्ड्स के 102वें संस्करण में बिहार सरकार के कृषि विभाग को स्कॉच गोल्ड अवार्ड 2025 से नवाजा गया। यह सम्मान बिहार सरकार द्वारा विकसित ‘बिहार कृषि ऐप’ को मिला है, जो किसानों को सशक्त बनाने और कृषि में डिजिटल प्रगति लाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।
‘बिहार कृषि ऐप’ किसानों के लिए एक डिजिटल मंच है, जो उन्हें खेती से जुड़ी सभी आवश्यक और उपयोगी जानकारी प्रदान करता है। इस ऐप के जरिए किसान आधुनिक फसल तकनीकों, सरकारी योजनाओं, बाजार भाव, प्रशिक्षण सामग्री और तकनीकी मदद पा सकते हैं। कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि यह पुरस्कार बिहार सरकार की किसानों के लिए डिजिटल पहल का एक बड़ा प्रमाण है।
इस ऐप की मदद से किसानों को समय पर जानकारी मिल रही है, जिससे उनकी उपज की गुणवत्ता बढ़ रही है, लागत कम हो रही है और उत्पादन में सुधार हो रहा है। यह ऐप किसानों को सीधे बाजार से जोड़कर उचित मूल्य दिलाने में भी मदद करता है। यह पुरस्कार बिहार सरकार की कृषि में डिजिटल नवाचार और किसान-हितैषी नीतियों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे राज्य आत्मनिर्भर कृषि की ओर बढ़ रहा है।