
जीएसटी (GST) में किए गए बदलावों से देश में कई चीजों की कीमतें कम हो गई हैं। नई दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। इसके साथ ही, कई लोकप्रिय कारों की कीमतें भी घट जाएंगी, क्योंकि अब उन पर 28% की जगह 18% टैक्स लगेगा। छोटी कारें, जो भारतीय पैसेंजर वाहन बाजार का एक अहम हिस्सा रही हैं, पिछले कुछ समय से बिक्री में गिरावट और बाजार में कमी की समस्या का सामना कर रही थीं, लेकिन नए टैक्स नियमों से इनके लिए फिर से तेजी आने की उम्मीद है।
गाड़ियों पर टैक्स की मौजूदा स्थिति
वर्तमान नियमों के अनुसार, छोटी पेट्रोल कारों, जिनका इंजन 1200cc से कम और लंबाई 4 मीटर से कम है, उन पर 28% जीएसटी और 1% सेस लगता है। छोटी डीजल कारें, जिनका इंजन 1500cc से कम और लंबाई 4 मीटर से कम है, उन पर 28% जीएसटी और 3% सेस लगता है। यानी कुल 31% टैक्स लगता है। हालाँकि, इन गाड़ियों पर जीएसटी दर 28% है, लेकिन विभिन्न सेस के कारण कुल टैक्स बढ़ जाता है। जबकि बड़ी एसयूवी जिनका इंजन 1500cc से ऊपर और लंबाई 4 मीटर से ज्यादा है, उन पर 28% जीएसटी और 22% सेस मिलाकर कुल 50% टैक्स लगता है।
गाड़ियों पर कम हुआ टैक्स
नए जीएसटी नियमों से, सरकार ने कारों पर टैक्स सिस्टम को सरल बना दिया है। नए जीएसटी नियमों के तहत, ज्यादातर छोटी और मध्यम आकार की कारों को 18% टैक्स स्लैब में रखा गया है, जबकि लग्जरी और एसयूवी कारों पर 40% टैक्स लगेगा। बढ़ोतरी के बावजूद, लग्जरी कारों पर भी पहले से कम टैक्स लगेगा। अब 1200cc तक इंजन और 4 मीटर लंबाई से कम लंबी छोटी पेट्रोल कारों पर 18% जीएसटी लगेगा। इसके अलावा, 1500cc तक इंजन और लंबाई 4 मीटर से कम लंबी छोटी डीजल कारों पर भी 18% टैक्स लगेगा। जो कारें इन कैटेगरी में नहीं आती हैं, उन पर सिर्फ 40% जीएसटी लगेगा।
इन गाड़ियों पर 29% से 18% होगा टैक्स
कार मॉडल | वर्तमान शुरुआती कीमत (रुपए में) | टैक्स कटौती के बाद शुरुआती अनुमानित राहत (रुपए में) |
Alto K10 | 4.23 लाख | 42 हजार |
Maruti Suzuki Swift | 6.49 लाख | 60 हजार |
Maruti Suzuki Dzire | 6.84 लाख | 65-68 हजार |
Hyundai Grand i10 | 5.98 लाख | 47 हजार |
Maruti Suzuki S-Presso | 4.26 लाख | 43 हजार |
Tata Tiago | 5.65 लाख | 50 हजार |
Tata Nexon | 8.0 लाख | 80 हजार |
Maruti Suzuki Wagon | 5.79 लाख | 55 हजार |
Maruti FRONX | 7.58 लाख | 75 हजार |
Maruti Baleno | 6.74 लाख | 67 हजार |
ध्यान दें: तालिका में दी गई कारों की कीमतें बेस मॉडल की एक्स-शोरूम कीमतें हैं और टैक्स में कटौती के बाद मिलने वाली अनुमानित राहत मॉडल की कीमत पर निर्भर करती है। हालांकि, मॉडल की कीमत जितनी अधिक होगी, जीएसटी कटौती से उतनी ही अधिक राहत मिलेगी।
Hyundai Creta
भारत की सबसे लोकप्रिय एसयूवी में से एक क्रेटा पर अब 40% जीएसटी लगेगा। पहले इस पर 28% जीएसटी और 15% सेस मिलाकर 43% टैक्स लगता था। अब कीमत लगभग 3% तक कम होने की संभावना है, जिससे ग्राहकों को थोड़ा फायदा होगा।
Mahindra Thar
भारत में असली ऑफ-रोड एसयूवी मानी जाने वाली थार पर अभी 45-50% तक टैक्स लगता था, जो वेरिएंट पर निर्भर करता था, लेकिन अब नए जीएसटी नियमों के तहत इस पर सिर्फ 40% टैक्स लगेगा।
Mahindra Scorpio
स्कॉर्पियो के ज्यादातर वेरिएंट पर अभी तक 50% टैक्स लगता था (28% जीएसटी + 22% सेस), लेकिन अब सेस हटा दिए जाने पर इस पर सिर्फ 40% जीएसटी लगेगा।
Toyota Innova Crysta
स्कॉर्पियो की तरह ही, इनोवा क्रिस्टा पर भी पहले 28% जीएसटी और 22% सेस मिलाकर 50% टैक्स लगता था। अब इस लोकप्रिय कार पर केवल 40% टैक्स लगेगा।
सभी गाड़ियां होंगी सस्ती
कुल मिलाकर, सभी प्रकार की गाड़ियां सस्ती हो जाएंगी। गाड़ियों पर मिलने वाली राहत उसकी कीमत, मॉडल और सेगमेंट पर निर्भर करेगी। यदि कोई छोटी पेट्रोल कार है, तो अधिक राहत मिलेगी, जबकि बड़ी एसयूवी पर प्रतिशत में राहत 5-10 प्रतिशत तक होगी। हालांकि, अधिक कीमत के कारण टैक्स में कटौती का आंकड़ा भी बड़ा होगा, जिससे अधिक राहत मिलेगी।