पटना के फुलवारीशरीफ में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें उसकी भाभी शबनम ने अपने पति शहबाज के कहने पर देवर रिजवान की हत्या की। पुलिस जांच में पता चला है कि शहबाज ने अपनी पत्नी को रिजवान की हत्या करने के लिए उकसाया था और ऐसा न करने पर तलाक देने की धमकी दी थी। इसके बाद महिला ने अपने देवर की हत्या करने से पहले एक महीने तक फायरिंग की ट्रेनिंग ली थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना भुसौला दानापुर की है, जहां रविवार को रिजवान कुरैशी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए शहबाज कुरैशी, उसकी पत्नी शबनम और हथियार सप्लाई करने वाले सैयद रजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कट्टा, सात जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया।
जांच में पता चला कि रिजवान का अपनी भाभी शबनम के साथ अवैध संबंध था। शहबाज इस रिश्ते से नाराज था और उसने अपनी पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने रिजवान को मारने की साजिश रची। सिटी एसपी के अनुसार, शहबाज ने अपनी पत्नी को धमकी दी कि अगर वह रिजवान की हत्या नहीं करती है तो वह उसे तलाक दे देगा।
शहबाज की धमकी के बाद शबनम ने रिजवान को मारने की साजिश रची। उसने घर के सभी सदस्यों को चाय में नींद की गोली मिलाकर पिला दी, जिसके बाद सभी सो गए। रात में शबनम ने रिजवान को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने अपने पति को बचाने की कोशिश की। रिजवान की हत्या के लिए शहबाज ने सैयद रजा से पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। उसने अपनी पत्नी को फायरिंग की ट्रेनिंग भी दी। महिला ने खगौल नहर पर गोली चलाना सीखा और यूट्यूब से भी हथियार चलाने की ट्रेनिंग ली। पूछताछ में शबनम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।