हरियाणा के पलवल में एक 20 वर्षीय अग्निवीर सैनिक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात को हुई। मृतक बलदेव 2024 में अग्निपथ योजना के तहत सेना में शामिल हुआ था।
पुलिस के अनुसार, बलदेव छुट्टी पर अपने गांव मंडकौल आया हुआ था। उसका घर खेत में था। पुलिस के मुताबिक, बंसी, अरुण, नरेश, राजेंद्र और कुछ अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते बलदेव पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने बलदेव के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार हैं। बलदेव के पिता खेमचंद ने पुलिस को बताया कि 16 जुलाई को इन्हीं लोगों ने उनके भाई भीषण शर्मा पर भी हमला किया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गदपुरी पुलिस स्टेशन में हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया गया था।
खेमचंद ने बताया कि आरोपी उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे और उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। खेमचंद ने पुलिस को कई शिकायतें दी थीं, जिसमें उन्होंने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सेना में रहते हुए भी बलदेव को फोन पर धमकियां दी थीं।