एशिया कप 2025 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। टीम में 15 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनकी कप्तानी सूर्यकुमार यादव करेंगे। टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी हैं जिनके चुने जाने की संभावना थी। हालांकि, कुछ बड़े नामों को टीम से बाहर रखा गया है। शुभमन गिल को टीम में जगह मिली है और उन्हें उप-कप्तान भी बनाया गया है।
अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन को ओपनिंग जोड़ी के तौर पर टीम में बरकरार रखा गया है। अभिषेक शर्मा टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं, और तिलक वर्मा को भी टीम में शामिल किया गया है।
टॉप ऑर्डर में संजू, अभिषेक और तिलक हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पेस अटैक की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्पिन डिपार्टमेंट को वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव मजबूती देंगे।
एशिया कप का 17वां एडिशन 9 सितंबर से यूएई में खेला जाएगा। भारत 2023 में रोहित शर्मा की कप्तानी में एशिया कप जीता था और इस बार खिताब को डिफेंड करने के इरादे से उतरेगा। भारत एशिया कप का सबसे सफल टीम है, जिसने 8 बार यह खिताब जीता है। इस बार भारत के पास 9वीं बार एशिया कप जीतने का मौका होगा।