रांची। झारखंड विधानसभा में शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि दी गई। उनका निधन शुक्रवार को दिल्ली में हुआ था, जिसके बाद शनिवार को उनके पार्थिव शरीर को रांची लाया गया। दिल्ली से रांची पहुंचने के बाद, उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा ले जाया गया, जहाँ सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रामदास सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने कहा कि उनका अचानक जाना हम सभी के लिए सदमे की बात है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ईश्वर इस दुःख की घड़ी में उनके चाहने वालों को सहनशक्ति प्रदान करे।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वह शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन से दुखी हैं। उन्होंने कहा कि उनका निधन राज्य की राजनीति और समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि देने वालों में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, वित्त मंत्री राधा कृष्णा किशोर, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर, सांसद जोबा मांझी, सांसद महुआ माजी, कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख और मुख्य सचिव अलका तिवारी भी शामिल थे।